महराजगंज। नगर के सक्सेना चौराहे के अलावा दुर्गा मंदिर, बस स्टैंड, मऊपाकड़ और फरेंदा रोड के किनारे अतिक्रमण होने से अक्सर यातायात जाम की समस्या पैदा हो रही है। इससे प्रमुख मार्गों पर आवागमन करने वालों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए यातायात पुलिस की तरफ से कई बार दावे किए गए लेकिन दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
यातायात पुलिस की तरफ से चौराहों को गोद लेकर अतिक्रमण मुक्त कराने की योजना बनाई गई लेकिन योजना पर सही तरीके से अमल नहीं हो सका। इसके अलावा प्रमुख मार्गों के दोनों तरफ से स्थित दुकानों के सामने चूना गिराकर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों पर रोक की योजना बनाई गई लेकिन कड़ाई से इस पर भी अमल नहीं हो पाया है। रोड के किनारों पर बेतरतीब वाहन खड़ी न करने के बाबत लोगों को जागरूक करने के लिए पैदल मार्च निकाला गया लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उधर, यातायात पुलिस खुद शहर में फर्राटा भरते ई रिक्शा, अवैध आटो स्टैंड, ओवरलोड वाहनों पर रोक के लिए कड़े कदम नहीं उठा पा रही है। सोमवार को शहर में कई बार जाम की स्थित पैदा हुई। सक्सेना चौराहे से दुर्गा मंदिर, मऊपाकड़ के अलावा अस्पताल गेट के सामने कई बार जाम जैसी स्थिति पैदा होनेे से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।