महराजगंज। परिषदीय स्कूल के सभी विद्यार्थियों के अभिभावक के खाते में डीबीटी की धनराशि जल्द भेज दी जाएगी। सितंबर के आखिरी सप्ताह तक डीबीटी डाटा प्राप्त होने के बाद 2 अक्तूबर तक डीबीटी जारी कर दी जाएगी।
अभिभावकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने जन्म प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल की है। अब अभिभावक सिर्फ शपथ पत्र देकर जन्म प्रमाण पत्र जारी करा सकते हैं। पहले गवाहों के साथ शपथ पत्र लिया जाता था। अब सिर्फ अभिभावक के शपथ पत्र पर ही एसडीएम या बीडीओ जन्म प्रमाण पत्र जारी करने का आदेश देंगे।
जनपद में संचालित 1500 से अधिक परिषदीय स्कूलों में करीब दो लाख बच्चे नामांकित हैं। 1.17 लाख विद्यार्थियों के अभिभावक के खाते में डीबीटी अप्रैल में ही पहुंच गई है, शेष इंतजार कर रहे हैं। इन्हें डीबीटी के तहत 1,200 रुपये सिर्फ इसलिए नहीं मिल सके क्योंकि इनका डाटा नहीं भेजा जा सका। इनमें से 30 हजार नए नामांकित बच्चे हैं, शेष विद्यार्थियों का आधार या जन्म प्रमाणपत्र जारी नहीं हो सका है। बेसिक शिक्षा विभाग में विद्यार्थियों का जन्म प्रमाणपत्र अब सिर्फ अभिभावक के शपथपत्र पर जारी हो सकेगा।