भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में सख्ती, प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर प्रभावित क्षेत्रों में सख्त नियंत्रण उपाय लागू किए
सोनौली। नेपाल सीमा से सटे झापा जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सीमावर्ती जिले मोरंग और सुनसरी में भी खतरा बढ़ गया है। संक्रमण के फैलाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर प्रभावित क्षेत्रों में सख्त नियंत्रण उपाय लागू कर दिए हैं।
दमक नगरपालिका और झापा गांवपालिका में व्यावसायिक रूप से पाले जा रहे मुर्गों में संक्रमण मिलने के बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों को केंद्र मानकर चारों दिशाओं में संकटग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है। निमित्त प्रमुख जिला अधिकारी तेजप्रसाद प्रसाईं द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों से मुर्गा, अंडा, दाना और अन्य पक्षीजन्य सामग्री के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
पशु अस्पताल झापा की प्रमुख डॉ. शीतल भट्टराई ने बताया कि दमक नगरपालिका-10 स्थित एक एग्रीकल्चर फार्म में पाले गए लेयर्स मुर्गो में ‘हाईपैथोजेनिक’ बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि संक्रमण मिलते ही सोमवार को फार्म के सभी मुर्गों को नष्ट कर दिया गया, ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने आगे बताया कि दमक और झापा गांवपालिका के अलावा मेचीनगर और अर्जुनधारा नगरपालिकाओं से भी कुखुरों के मरने की सूचना मिल रही है। किसानों द्वारा लाए गए नमूनों की प्रारंभिक रैपिड जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि अंतिम पुष्टि के लिए नमूनों को केंद्रीय प्रयोगशाला भेजकर पीसीआर जांच कराई जा रही है।
डॉ. भट्टराई ने कहा कि झापा के साथ-साथ सीमावर्ती जिले मोरंग और सुनसरी में भी संक्रमण फैल चुका है, इसलिए पूरे क्षेत्र को उच्च जोखिम में रखा गया है और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।