जागरूकता की कमी, बिना मॉस्क के निकल रहे लोग
महराजगंज। शासन व प्रशासन द्वारा लोगों को भले ही मास्क पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, मगर जागरूकता की कमी की वजह से लोग अभी इसका पूर्णतया पालन नहीं कर रहे हैं। छूट अवधि में लोग बिना मास्क ही घर से बाहर निकल रहे हैं। उनकी यह लापरवाही भारी पड़ सकती है और कार्रवाई की जद में आ सकते हैं। ऐसे में किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए जरूरी है कि सभी छूट अवधि में जब भी आवश्यक कार्य के लिए घर से बाहर निकलें वे मास्क का प्रयोग अवश्य करें।
कोरोना वायरस के प्रदेश में बढ़ते मामले को देखते हुए प्रदेश सरकार ने घर से बाहर निकलने वाले सभी लोगों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। बहुत से लोग इसका पालन भी कर रहे हैं, मगर कुछ ऐसे भी लोग हैं, जो अभी भी मास्क नहीं पहन रहे हैं। बृहस्पतिवार को ग्रामीण क्षेत्र से लेकर नगरीय क्षेत्रों तक प्रशासन द्वारा निर्धारित छूट अवधि में घर से बाहर निकलने वाले कुछ लोग बिना मास्क के ही देखे गए। बिना मास्क के इस तरह से निकलना यह दर्शा रहा है कि अभी भी मास्क पहनने को लेकर लोग जागरूक व गंभीर नहीं हैं। यदि ऐसे लोगों ने मास्क पहनना प्रारंभ नहीं किया तथा पुलिस की नजर में आ गए तो कार्रवाई की जद में आ जाएंगे।
------------
मास्क न पहनने पर ईसी एक्ट में होगी कार्रवाई : डीएम
जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि कोरोना के संक्रमण से बचाव को लेकर सभी लोग मास्क पहनने पर बल दें। शासन के निर्देशों का उल्लंघन किए जाने पर दोषियों के विरुद्ध ईसी एक्ट में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने कहा कि सभी को मास्क पहनना जरूरी है। मास्क न पहनने को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से अभी कार्रवाई को लेकर कोई पत्र नहीं आया है। पत्र आने के उपरांत उसका पालन कराया जाएगा। जब तक पत्र नहीं आता है, तब तक भी निर्देशों के उल्लंघन में 151 के तहत कार्रवाई हो सकती है।