अप्रैल माह में ही होना था शुरू, जून में भी बीत गए 18 दिन
अब जिम्मेदार जुलाई में पर्चा काउंटर शुरू करने की कह रहे हैं बात
महराजगंज। जिला अस्पताल में बना नया पर्चा काउंटर बाइक स्टैंड बनकर रह गया है। जबकि इसे अप्रैल माह में ही शुरू किया जाना था लेकिन जून में 18 दिन बीतने के बाद भी अभी तक काउंटर शुरू नहीं हो सका। अब जिम्मेदार जुलाई तक काम शुरू कराने की बात कह रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा पूर्व में दावा किया गया था कि नए पर्ची काउंटर अप्रैल माह में ही शुरू कर दिया जाएगा, ताकि ओपीडी परिसर से भीड़ को बाहर शिफ्ट किया जा सके। जून में 18 दिन बीतने पर भी लाखों की लागत से बना यह नया पर्चा काउंटर अवैध बाइक पार्किंग का अड्डा बनकर रह गया है।
नतीजतन, ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब और गंभीर मरीज पुरानी ओपीडी के संकरे हॉल में भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं। अस्पताल के पुराने ओपीडी विभाग के एक ही छोटे से परिसर में कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक साथ संचालित हो रही हैं। यहां पर्ची काउंटर के ठीक बगल में ही हेल्प डेस्क और पूछताछ केंद्र है, जहां नए मरीजों की भारी भीड़ रहती है। वहीं दवा वितरण काउंटर भी है। जहां डॉक्टर को दिखाने के बाद लोग घंटों लाइन लगाते हैं।
आयुष्मान भारत विभाग का कामकाज भी इसी दायरे में होता है। हेल्थ एटीएम मशीन भी इसी परिसर में स्थापित है। संकरे हॉल में इन सभी सेवाओं के एक साथ होने के कारण उचित वेंटिलेशन और पर्याप्त कूलिंग की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। उमस इस कदर बढ़ जाती है कि दवा लेने आए मरीज और उनके साथ आए स्वस्थ तीमारदारों को भी परेशानी होती है।
दवा काउंटर पर खड़े पहुंचे सदर निवासी मनोज ने बताया कि पत्नी की तबीयत खराब है। उसी की दवा लेने आया था। यहां पर्चा काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक भीड़ है। उनसे पूछने पर उन्होंने बताया कि पर्चा काउंटर अगर दूसरी जगह शिफ्ट हो जाएगा तो काफी राहत मिलेगी। वहीं पास में खड़े चौपरिया निवासी संतोष ने कहा कि जब मरीजों की भीड़ उमड़ती है तो काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सीएमएस का कहना है कि अभी पेंटिंग का काम बाकी है इसके चलते काउंटर शुरू नहीं हो सका। जुलाई में शुरू करा दिया जाएगा।
वर्जन
नया पर्ची काउंटर शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पेंटिंग का काम अभी अधूरा है। प्रशासनिक कारणों से इसमें देरी हुई है। जुलाई में नया पर्ची काउंटर पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा।
-डॉ. एके द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक