खुटहा बाजार। पनियरा थाना क्षेत्र के खुटहा बाजार निवासी आलोक कुमार गुप्ता ने अज्ञात बाइक सवार लोगों पर मारपीट कर बैग से 50 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस की जांच में मामला आपसी विवाद का बताया जा रहा है। दोनों के बीच आपसी लेनदेन में मामला बिगड़ने पर आरोप मढ़ा जा रहा है। पीड़ित के तहरीर के अनुसार, वह अपनी दुकान बंद करने के बाद 50 हजार रुपये लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक स्कूल के पास बाइक सवार अज्ञात लोगों ने पीछे से हमला किया। आलोक कुमार गुप्ता ने आरोप लगाया कि उन लोगों ने उन्हें धक्का देकर खेत में गिरा दिया और रॉड से वार किए। इससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। इसके बाद अज्ञात लोग उनके बैग में रखे 50 हजार रुपये, दुकान की चाबी और बाइक की चाबी लेकर फरार हो गए।
थानाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रुपये के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों से आलोक की कहासुनी हुई थी, जिसके आधार पर इस मामले की जांच की जा रही है। लूट का आरोप बेबुनियाद है।