धानी बाजार। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी बाजार में शनिवार को खंभे से टकराकर बाइक सवार युवक घायल हो गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आशीष पाल (19) पुत्र गोविंद प्रसाद निवासी घोसियारी खेसरहा थाना क्षेत्र के अपने रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने धानी गांव आया था। बताया जा रहा है कि आशीष किसी जरूरी सामान की खरीदारी के लिए बाइक से धानी बाजार जा रहा था। इसी दौरान अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी धानी पहुंचाया लेकिन अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही कोई कर्मचारी, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी जब सीएचसी अधीक्षक को फोन के माध्यम से दी गई, तब करीब आधे घंटे बाद स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।