फरेंदा। गोरखपुर सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर परसा महंथ चौराहे के निकट ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आनंदनगर कस्बे के वार्ड नंबर छह अशोकनगर निवासी अतुल मणि त्रिपाठी 25 रविवार की देर रात बाइक से नौतनवां से फरेंदा की तरफ आ रहे थे। अभी परसा महंथ चौराहे के समीप पहुंचे थे कि गोरखपुर से सोनौली जा रही तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। लोगों के अनुसार अतुल मणि माता-पिता की इकलौती संतान थे। पिता की मौत एक वर्ष पूर्व हो गई थी। बेटे की मौत की खबर मां को मिली तो वह बेसुध हो गई। थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह के अनुसार ट्रक पुलिस के कब्जे में है, चालक फरार हो गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।