नौतनवा। थाना क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम चंडीथान चौराहे पर शनिवार की सुबह तेज रफ्तार चारपहिया की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका शर्मा निवासी रुद्रपुर शिवनाथ थाना कोल्हुई शनिवार की सुबह अपनी बाइक से नौतनवा क्षेत्र में गैलन लेकर डीजल लेने के लिए जा रहे थे। क्षेत्र के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम चंडीथान चौराहे पर पहुंचे थे कि तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। कार चालक मौके से भाग निकला।
हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से घायल को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतनवा ले आई। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी संपतिहा जयप्रकाश सिंह का कहना है कि सूचना के बाद मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।