लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अनुपस्थित शिक्षकों पर होगी कार्रवाई: बीईओ
निचलौल। खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद ने मंगलवार को क्षेत्र के नौ विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में तीन शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले जबकि कुछ शिक्षक प्रार्थना सभा के बाद विद्यालय नहीं पहुंचे। बीईओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय गड़ौरा में सुबह आठ बजे प्रार्थना सभा संपन्न कराई गई। यहां सहायक अध्यापक धीरेंद्र कुमार उपस्थित मिले जबकि सहायक अध्यापिका सविता और शिक्षामित्र नीतू प्रजापति प्रार्थना सभा के बाद विद्यालय पहुंचीं। प्राथमिक विद्यालय कड़ाजा में सहायक अध्यापक पुष्पेंद्र अवकाश पर मिले और सहायक अध्यापक शशिभूषण बिना सूचना के अनुपस्थित मिले।
प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर चटिया में प्रधानाध्यापक प्रेमानंद बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए। वहीं प्राथमिक विद्यालय ठूठीबारी प्रथम एवं द्वितीय में सभी शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं। बैरियाहवा प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक विजय कुमार बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय चटिया में केवल एक शिक्षक के भरोसे विद्यालय का संचालित होना पाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद ने बताया कि औचक निरीक्षण में कई विद्यालयों में कमियां सामने आई हैं। सभी संबंधित शिक्षकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं। आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा और शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।