दो घंटे अधिक छूट मिली तो बेफ्रिक दिखे लोग
महराजगंज। लॉकडाउन टू के छठे दिन सोमवार से प्रशासन द्वारा दी गई दो घंटे की अधिक छूट में सड़कों पर लोग बेफिक्र नजर आए। पिछले दिनों की तुलना में जिले की सड़कों पर लगभग 20 फीसदी भीड़ बढ़ी नजर आई। विकास कार्य व अर्थव्यवस्था को पटरी लाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास के मद्देनजर सभी को विशेष सतर्कता रखनी होगी। ऐसा न करने पर व्यक्ति, परिवार व समाज की मुश्किलें बढ़ेंगी।
कोरोना के संक्रमण से आमजन को बचाने के लिए दूसरे चरण के लॉकडाउन में जिले को कोराना मुक्त घोषित किए जाने के बाद शासन ने शर्तों के साथ कुछ ढील देने की बात कही थी। पिछले दिनों की तुलना में जहां कार्यालयों को खोला गया वहीं आमजन की छूट को भी दो घंटे के लिए बढ़ा दिया गया। छूट बढ़ने के दौरान पाया गया कि 27 दिन तक घरों में रहने वाले कुछ लोग भी सड़कों की तरफ निकल पड़े। हालत यह रही कि सुबह छह से दोपहर 12 बजे तक सड़कों पर लगभग 20 फीसदी भीड़ अधिक नजर आई। सड़क पर एंबुलेंस व पुलिस के वाहन चलते मिले। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि आमजन की सुविधा को देखते हुए छूट बढ़ाई गई है। यदि इसका दुरुपयोग हुआ तो कड़े कदम भी उठाए जाएंगे।
दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा
दोपहर 12 बजे के बाद नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र हर जगह सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। नगर के फरेंदा, गोरखपुर, निचलौल, चौक व चिउरहां मार्ग पर दुकानें बंद मिली तथा लोग घरों में नजर आए। इसी प्रकार पनियरा, परतावल, घुघली, सिसवां, फरेंदा, धानी, बृजमनगंज, कोल्हुई, नौतनवां, सोनौली, बरगदवां, ठूठीबारी, निचलौल व मिठौरा में भी सड़कें सूनी मिलीं तथा लोग घरों में मौजूद रहे। कुछ लोग कृषि कार्य निपटाते पाए गए।
गश्त करती नजर आई पुलिस
नगर हो या ग्रामीण क्षेत्र हर जगह पुलिस गश्त करती नजर आई। सार्वजनिक स्थलों व चौराहों से गुजरने वाले लोगों का भी ब्योरा दर्ज किया गया।