ठूठीबारी। खैरहवां जंगल में 11 हजार रुपये बकाए में कनेक्शन काटने पर कुछ लोगों ने एक कर्मी की पिटाई कर दी। यह देख उसके साथी भाग खड़े हुए।
सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने मामला शांत कराया। बिजली विभाग ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी विद्युत उपकेंद्र एसडीओ आशिष बिष्ट, जेई रजनीश गोंड टीम के साथ शुक्रवार को खैरहवां जंगल गांव में बिजली बकाएदारों के कनेक्शन काटने गए थे। गांव में एक व्यक्ति का 11 हजार रुपये बकाया था।
कर्मियों ने जैसे ही कनेक्शन काटा युवक कर्मियों से भिड़ गया और उनकी कहासुनी होने लगी। वायरल वीडियो में आरोपी युवक कह रहा है कि बेटे का हाथ कटने से मैं परेशान हूं। जब बिजली कर्मचारी नहीं सुने तो दो युवक कर्मचारी से नोकझोंक करते हुए विभाग की समय से बिजली बिल नहीं निकालने का आरोप लगा पीटने लगे।
परिजनों का गुस्सा देख बिजली कर्मचारी गांव से बाहर भाग गए और इसकी सूचना 112 पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। वारदात का वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।