50 प्रतिशत से कम नामांकन करने
वाले 257 विद्यालयों को नोटिस
महराजगंज। बेसिक शिक्षा विभाग ने जिले में निर्धारित लक्ष्य से 50 प्रतिशत से कम नामांकन करने वाले 257 परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया है। उन्हें अंतिम अवसर देते हुए कहा है कि यदि तीन दिन में चिन्हित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व शिक्षकों ने लक्ष्य को पूरा नहीं किया तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से नवीन नामांकन सत्र में जिले में 52846 का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। मानक से कम लक्ष्य होने की वजह से पहले बीईओ के वेतन रोकने तक की कार्रवाई हुई। जिसके बाद स्थिति में सुधार हुआ तथा वर्तमान में 95 प्रतिशत तक की उपलब्धि प्राप्त हो गई है। ऐसे में नामांकन के लक्ष्य को पूरा करते हुए अधिक से अधिक नामांकन कराने के उद्देश्य से विभाग ने ऐसे विद्यालयों को चिन्हित किया जहां पर लक्ष्य के मुताबिक 50 प्रतिशत से भी कम प्रवेश हुए हैं। इस दायरे में मिठौरा को छोड़कर जिले के कुल 11 ब्लॉक के 257 विद्यालय आए, जिनके प्रधानाध्यापकों को विभाग ने अंतिम अवसर प्रदान करते हुए तीन दिन के अंदर लक्ष्य को पूरा कराने को कहा है।
-----
फरेंदा ब्लॉक के सर्वाधिक 53 विद्यालय चिन्हित
नामांकन लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत से कम प्रवेश करने वाले विद्यालयों में फरेंदा ब्लॉक में सर्वाधिक 53, नौतनवां में 42, लक्ष्मीपुर में 35, घुघली में 29, सदर में 22, सिसवां व बृजमनगंज में 19-19, पनियरा में 15, परतावल में 14, निचलौल में आठ तथा धानी में एक विद्यालय हैं।
------------
जिन विद्यालयों ने लक्ष्य का 50 प्रतिशत से कम नामांकन किया है उनके प्रधानाध्यापक, शिक्षक व अन्य जिम्मेदार तीन दिन में लक्ष्य को पूरा कराना सुनिश्चित करें।
रवींद्र सिंह, प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी