भिटौली। थाना क्षेत्र के धर्मपुर में भी माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की ओर से समूह की महिलाओं से कर्ज वसूली में सख्ती बरती जा रही है। कुछ महिलाओं ने एजेंटों पर आरोप लगाया है कि समूह का किस्त में देरी होने पर बैंक के एजेंट घर पर घंटों बैठे रहते हैं। लाख समझाने और वक्त मांगने के बाद भी जाने को तैयार नहीं होते हैं। किस्त के लिए परेशान करते रहते हैं।
धर्मपुर में कर्ज लेने वाली महिलाएं परेशान हैं। धरमपुर बड़ागांव निवासी किरन मिश्रा बताती है कि घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हमने समूह से लोन लेकर सिलाई कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र खोला। छह महीने पहले लड़की की तबीयत खराब हो गई थी, जिसमें हमने काफी पैसे खर्च हो गए। समय के अभाव में सिलाई केंद्र कमजोर हो गया। इससे आय का स्रोत रुक गया है। मैं पांच वर्षों से समूह का लोन चुका रही हूं, लेकिन दो महीने से मैं किस्त को नहीं दे पा रही हूं। बैंक कर्मी घर आते हैं बोलते हैं डांटते हैं, घंटों दरवाजे पर बैठे रहते हैं और अनावश्यक रूप से दबाव बनाकर किस्त मांगते हैं ।
सुशीला ने बताया कि मेरे लड़के की तबीयत काफी दिन से खराब है। विगत दो वर्ष से मैं समूह का लोन भर रही थी, लेकिन तीन माह से किस्त नहीं दे पाई, जिसके कारण बैंक के कर्मचारी घर आकर परेशान करते हैं।
इसी गांव की उर्मिला देवी ने बताया कि विगत पांच वर्षों से मैं समूह का लोन जमा कर रही हूं। घर की माली हालत ठीक नहीं है। मेरे लड़के की तबीयत काफी दिन से खराब है।
इंद्रावती देवी ने बताया कि छह वर्ष से समूह का लोन जमा कर रही हूं। लोन भरते भरते घर की माली हालत बहुत खराब हो गई है।