महराजगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में आवेदन के लिए साइट खुल गई है। पात्रों को आवेदन में कोई परेशानी न हो इसके लिए 307 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारी ही गांवों में जाकर पात्रों का सर्वे और उनके डाटा फीडिंग का काम करेंगे। चेहरा सत्यापन होने से वह दूसरों से यह कार्य नहीं करा पाएंगे।
योजना में पात्रों का नए सिरे से सर्वे कराकर सूची तैयार करने की कवायद शुरू की गई है। इस बार कई नए बिंदु योजना में शामिल किए गए हैं। कुछ में बदलाव भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिले के 882 ग्राम पंचायतों में पात्रों के सर्वे के लिए लेखपाल, सचिव, एडीओ पंचायत, कृषि, सहकारिता, जेई लघु सिंचाई, आरईडी सहित 307 कर्मचारियों को लगाया गया है। एक कर्मचारी को तीन गांव दिए गए हैं। सभी के चेहरे का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। साथ ही आवेदन के लिए साइट खोल दी गई है। पात्रों को स्वयं भी आवेदन करने की सुविधा दी गई है। साथ ही नियुक्त कर्मचारियों को गांवों में जाकर पात्र का आवेदन कराना होगा।
मौके पर जाकर आवेदन कराने से पहले कर्मचारियों को अपने चेहरे का सत्यापन करना होगा। इसके बाद साइट खुलेगी और आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं, पात्र के स्वयं आवेदन करने पर भी पहले खुद के चेहरे का सत्यापन करना होगा। उसके बाद ही आवेदन होगा। योजना में महिला मुखिया के नाम ही आवेदन होगा। ऑनलाइन आवेदन में बैंक डिटेल, आधार नंबर आदि की जानकारी देनी होगी।