महराजगंज। मिठौरा ब्लाॅक अंतर्गत गो आश्रय स्थल मदनपुरा की अव्यवस्था और बीमार पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था तक नहीं है। पशुओं को समुचित आहार न दिए जाने के चलते तमाम गोवंश इस कदर बीमार हैं कि वह खड़ा तक नहीं हो पा रहे हैं।
इस अव्यवस्था पर अमर उजाला ने 27 सितंबर के अंक में गोसदन बदहाल, पशुओं को ठीक से चारा भी नहीं शीर्षक से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी की ओर से आख्या तलब की गई है। मामले में मिठौरा के बीडीओ से जवाब मांगा गया है।
मिठौरा ब्लाॅक में गोवंश की दुर्दशा गोशाला में बनी होने के चलते गो आश्रय स्थल बदहाली का दंश झेल रहा है।
चारे पानी के अलावा दवा व उपचार की समुचित व्यवस्था न होने के लिए ब्लाक स्तरीय अधिकारियों से लेकर पशु चिकित्सा विभाग की लापरवाही भी उजागर हुई।
जिलाधिकारी कार्यालय से प्राप्त निर्देश के क्रम में सीडीओ अनुराज जैन ने बीडीओ मिठौरा के नाम आदेश जारी किया है।
आदेश में अमर उजाला की प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए जांच करने व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बाद सुस्पष्ट आख्या तत्काल उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया है।
सीडीओ स्तर से जारी आदेश के बाद ब्लाॅक कर्मियों व गो आश्रय स्थल पर तैनात कर्मियों के अतिरिक्त पशु चिकित्सा विभाग के कर्मियों के होश फाख्ता हैं कि कहीं जांच व कार्रवाई के जद में वह न आ जाएं।
सीडीओ ने बताया कि प्रकाशित खबर के संदर्भ में बीडीओ से जांच आख्या व कार्रवाई के विषय में लिखित आख्या मांगी गई है। प्राप्त होने के बाद इसे जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किया जाएगा।