नौतनवा। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक के लिए ऐसा जुनून सवार हो गया है कि हाईवे पर भी खतरनाक स्टंट से कुछ युवक बाज नहीं आ रहे हैं। हाईवे पर स्टंट का एक और नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस इन युवाओं को चिह्नित कर रही है।
रीलबाज सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की परेशानी बढ़ाने के साथ ही अब हाईवे पर भी खुद की और अपने साथ बेकसूर राहगीरों की जान को भी खतरे में डालने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। ताजा मामला एक वायरल वीडियो के जरिये स्थानीय कस्बे से होकर गुजर रहे गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग से सामने आया है। करीब पांच-छह युवक नौतनवा में बनैलिया मंदिर चौराहा एवं भुंडी बाईपास चौराहा के बीच में रात के अंधेरे में हाईवे पर ही लेटकर रील बनाते देखे जा रहे हैं।
उनके आसपास उनकी बाइक भी खड़ी हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि खतरों की अनदेखी कर मस्ती में वीडियो शूट किया जा रहा है। बता दें कि यह हाईवे भारत को सीधे पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से जोड़ता है। इस रूट पर 24 घंटे और तेज रफ्तार में वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में रात के अंधेरे में बेफिक्र हो सड़क पर लेटकर युवाओं द्वारा बनाया जा रहा यह रील वीडियो सभी को स्तब्ध कर देने वाला है।