निचलौल। दो बेटियों की हत्या करने वाली अन्नू उर्फ साक्षी अब आईसीयू से बाहर निकल गई है। फिलहाल उसकी हालत अभी भी गंभीर है। गले की नस कटने से अन्नू बोलने की बजाय परिजनों से इशारे में बात कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बीते 13 मार्च को घोड़हवा वार्ड की रहने वाली अन्नू अवसाद में आकर दो मासूम बेटियों की हत्या कर खुद भी जख्मी हो गई थी। तभी से अन्नू का इलाज मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में चल रहा है। घटना के ही दिन डॉक्टरों की ओर से अन्नू के गले का आपरेशन किया गया था। उसके दूसरे दिन अन्नू कुछ समय के लिए आंख खोली, फिर सदमे में चली गई।
उसके बाद अन्नू को आईसीयू में भर्ती करा दिया गया था। वहीं मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में अन्नू के साथ मौजूद परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक जख्मी अन्नू के स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार होने के बाद सोमवार को आईसीयू से बाहर निकाल दिया गया है। अन्नू के गले का नस कटने के साथ ही सिर के पिछले हिस्से में चोट आया था। गले का आपरेशन हुआ है। इसके वजह से अन्नू कुछ बोल नहीं पा रही है। फिलहाल होश आने पर आंख खोलने के साथ ही परिजनों से इशारे में बात कर रही है। वही थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक अन्नू के गले की जख्म को सही होने में काफी समय लगेगा। उसके बाद ही वह कुछ बता सकेगी। उसके पास परिजन मौजूद रहे। उसकी स्वास्थ्य के बारे में परिजनों से लगातार संपर्क रखा जा रहा है। संवाद