परतावल। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 15 महंत अवेद्यनाथ नगर में टीकाकरण कर रहीं एएनएम पर घर आकर टीका लगाने का दबाव बनाया गया, जब उसने मना किया तो अपशब्द बोलते हुए धमकी दी गई। एएनएम ने अधीक्षक परतावल को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सीएचसी मुख्य केंद्र पर तैनात एएनएम नीलम सिंह ने बताया कि बीते नौ जुलाई को वह नगर के महंत अवेद्यनाथ नगर वार्ड में पप्पू चौधरी के घर पर टीकाकरण का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान आशा शकुंतला ने बताया कि इस वार्ड की एक महिला गर्भवती है। ई-कवच पर उसका डेटा अपलोड कर दिया है। इसी दौरान आशा के मोबाइल पर एक महिला का फोन आया।
महिला ने कहा कि घर आकर टीकाकरण करना पड़ेगा। मना किया और बताया कि आप इस सत्र पर नहीं आना चाहती तो प्रत्येक शनिवार को सीएचसी परतावल पर भी टीकाकरण किया जाता है, आप वहां आकर करा सकती हैं। आरोप है कि इस बात पर वह आग बबूला हो गई और अपशब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी देने लगी। उन्होंने धमकी दी कि इस वार्ड में टीकाकरण नहीं कर पाओगी। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. अनिल जायसवाल ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद