मांगें नहीं मानने पर विधानसभा घेरने की दी चेतावनी
महराजगंज। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा, निश्चित वेतनमान, भविष्य निधि, पेंशन, ग्रेच्युटी, महंगाई भत्ता एवं सवेतन मेडिकल अवकाश सहित अन्य मांगों को लेकर बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले एक दिवसीय धरना- प्रदर्शन किया गया।
जिलाध्यक्ष छाया भारती ने कहा कि कार्यकर्ता और सहायिकाओं के हक की लड़ाई दशकों से चल रही है। फिर भी सरकार ने मामले में अभी तक कोई भी ठोस निर्णय नहीं लिया है। जबकि कार्यकर्ताओं पर पाेषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण, मातृ शिशु कल्याण, बीएलओ और चुनाव ड्यूटी जैसे सरकारी कार्य का बोझ दशकों से डाला जा रहा है। अमीरून निशा ने चेताया कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हड़ताल और विधानसभा का घेराव करने के लिए बाध्य होंगी। धरनास्थल पर बताया गया कि यदि 7 मार्च 2026 तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 8 मार्च 2026 को लखनऊ की ओर कूच करेंगी, इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर सतेन्द्र कुमार पटेल, राधेश्याम मौर्या, प्रमीला, माधुरी, राजमति, नागेन्द्र दूबे, इस्तखार खान, भानू शुक्ला, संजू भारती, संगीता, सरोज, अख्तर जहां, नाजमा, परवेज आलम, जावित्री, आयशा वेगम, विनीता, ज्ञानमती, सुशीला, द्वारिका, सीमा विश्वकर्मा, शशिकला, प्रेमचन्द्र समेत तमाम लोग उपस्थित रहे।