परतावल। श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल मुख्य चौराहे पर रविवार मध्यरात्रि तेज रफ्तार कार और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार आठ लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता निवासी नीरज वर्मा (45), सोनू (32), गौतम (20), रंजीत (35), अमन (20), प्रमोद (70), तारा (35) और दिलीप कुमार (53) रविवार रात कार से जा रहे थे। परतावल चौराहे पर अशोक स्तंभ के समीप उनकी कार की सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परतावल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी।