महराजगंज। ठंड की वजह से खांसी, जुकाम-बुखार व वायरल निमोनिया से बच्चे ही नहीं बड़े भी चपेट में आ रहे हैं। ओपीडी में इनकी संख्या तेजी से बढ़ी है। शनिवार को जांच रिपोर्ट के मुताबिक 17 उम्रदराज भी वायरल निमोनिया की गिरफ्त में मिले। इन्हें जांच रिपोर्ट के आधार पर दवा व एहतियात का परामर्श चिकित्सकों की तरफ से दिया गया।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 430 रोगियों का उपचार हुआ, इनमें सर्वाधिक खांसी, बुखार व फ्लू के पीड़ित रहे। अब तक बच्चों के लिए परेशानी का कारण बना वायरल निमोनिया अब बड़ों को भी चपेट में ले रहा है। डाॅ. रंजन ने ऐसे रोगियों को जांच रिपोर्ट के अनुसार दवा व एहतियात परामर्श दिया। उन्होंने बताया कि खांसी से एक सप्ताह से परेशान रोगियों में ही सर्वाधिक वायरल निमोनिया के लक्षण मिल रहे हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत खांसी के बाद गले में दर्द और बुखार की हो रही है। समय से उपचार न शुरू करने से बड़ों में वायरल निमोनिया पैर पसार रहा है। अगर सर्दी खांसी के वक्त ही परामर्श लेकर उपचार शुरू करा दिया जाए तो राहत मिल सकती है।