सिंदुरिया। केरल से तीन दिन पहले ही घर लौटे सुरेंद्र सहानी (45) की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। पिपरा कल्याण के पास दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार विशाल भी घायल हुआ है। उसका इलाज चल रहा है।
चौक नगर पंचायत के वार्ड-2, तकरारी निवासी सुरेंद्र बुधवार को सिंदुरिया में अपने एक दोस्त के घर सामान पहुंचाने गए थे। केरल में रहने के दौरान दोस्त ने उन्हें घर लौटते समय कुछ सामान दिया था। सामान पहुंचाकर वह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरा कल्याण के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक टकरा गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से सुरेंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्होंने दम तोड़ दिया। सुरेंद्र की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिवार में पत्नी और दो बेटे राहुल व शेषमणि हैं। दोनों बेटे अविवाहित हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। साथ ही परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों बाइक को कब्जे में लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।