परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव में बुधवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव के बाद अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर देर रात तक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
रामप्रताप, विरेंद्र चौधरी, मुकेश, उर्मिला, राजेश, राम बेलास, आरती, इन्दल, सोमनाथ, विनोद, ओमप्रकाश चौधरी, मिथिलेश आदि दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि जुलूस पर दो लोगों ने पथराव किया इसके चलते चार महिलाओं समेत एक तीन वर्षीय बच्चे को चोटें आईं। घटना की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और देर रात घायल लोगों को उपचार के लिए सीएचसी परतावल भेजा। पुलिस ने मालती (25) पत्नी इंदल, आरती (45) पत्नी श्रीकांत, शांति (35) पत्नी श्रवण, मनभावती (60) पत्नी राम नगीना और शिवांश (03) पुत्र इंदल का मेडिकल परीक्षण कराया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की तहरीर पर पांचों लोगों का परीक्षण कराया गया है, लेकिन किसी के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।