महराजगंज। निचलौल तहसील के ग्राम पंचायत बजही, पोस्ट लेदी फार्म के ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कोटेदार पर राशन वितरण में पांच से 10 किलो तक की घटतौली और ई-केवाईसी के नाम पर प्रति राशन कार्डधारक से 50 से 100 रुपये की वसूली का आरोप लगाया है। इस मामले में ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद कार्रवाई में देरी से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीण लीला, हेमा, अवधेश, दिलीप ने बताया कि कोटेदार की ओर से पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को पांच किलो और अंत्योदय कार्डधारकों को 10 किलो तक कम राशन दिया जा रहा है। इसके अलावा, ई-केवाईसी के नाम पर प्रत्येक कार्डधारक से 50 से 100 रुपये की अवैध वसूली की जा रही है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की थी। शिकायत के आधार पर तीन जुलाई को सप्लाई इंस्पेक्टर निचलौल, इंद्रभान सिंह पटेल ने मौके पर जांच की। जांच में अनियमितताएं मिलीं और ग्रामीणों ने अपने बयान भी दर्ज कराए।
जांच के बाद आठ जुलाई को कोटेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया था। एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
इस दौरान रीमा, गीता देवी, रामबृक्ष, चंपा देवी, लालमती, मीरा, कोइली, भोजई, ललिता, फूलवंती, पूजा, इंद्रावती और संजना मौजूद रहे।