फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: शाम को पिता से बातचीत के दौरान पूरी तरह खुश और सामान्य था अजय

विज्ञापन
गोली लगने के बाद युवक की मौत के बाद पहुंचे परिजन व अन्य।  
विज्ञापन
पिस्टल के साथ पर्स, मोबाइल और माचिस भी मिले, हर सुराग खंगाल रही पुलिस
विज्ञापन

परिजन नहीं मान रहे आत्महत्या की थ्योरी, बोले-बातचीत से नहीं लगा कि किसी तनाव में है अजय
परतावल। महाविद्यालय की छत पर कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षक अजय यादव का शव मिलने के मामले में पुलिस ने गहनता से जांच शुरू कर दी है। मौके पर मिले सामान के अलावा पुलिस मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। बृहस्पतिवार की शाम को पिता की अजय से आखिरी बार बात हुई थी। पिता केशव के अनुसार वह पूरी तरह सामान्य और खुश था।
कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के बिलौरी गांव निवासी अजय यादव पिछले छह माह से विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में संचालित कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत था। 12 दिन पहले वह अपने घर गया था और फिर ड्यूटी पर लौट आया था। परिजन के अनुसार, बृहस्पतिवार की शाम फोन पर पिता से उसकी आखिरी बार बातचीत हुई थी। पिता के अनुसार, वह पूरी तरह सामान्य और खुश था। बातचीत से कहीं भी यह आभास नहीं हुआ कि वह किसी मानसिक तनाव या परेशानी से गुजर रहा है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार, युवक का शव मिलने के बाद घटनास्थल से मिले सामान पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गए हैं। शव के पास मृतक के पैर के नीचे पिस्टल मिला। वहीं कुछ दूरी पर मोबाइल फोन भी मिला। इसके अलावा एक पर्स, उसमें रखे हुए कागजात, माचिस और एक छोटी तंबाकू की पुड़िया भी बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सामान को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया है।
साथ ही अजय के पर्स में रखे दस्तावेजों के आधार पर अन्य जानकारियों का सत्यापन किया जा रहा है। वहीं मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह का कहना है कि घटनास्थल से मिले प्रत्येक सामान की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराई जाएगी। पिस्टल किसका है, उस पर किसके फिंगरप्रिंट हैं। साथ ही बरामद दस्तावेज और अन्य वस्तुएं घटना से किस तरह से जुड़ी हैं, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
पिता को हत्या की आशंका, जांच की मांग की
अजय के पिता केशव यादव ने बताया कि उनके दो बेटों में अजय बड़ा था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों का मुख्य सहारा भी वही था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि अजय आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष व गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
घटना के चार घंटे बाद दी पुलिस को सूचना
विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में कौशल विकास मिशन के प्रशिक्षक अजय यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कई ऐसे पहलू सामने आए हैं, जिन्होंने घटना को रहस्यमय बना दिया है। घटना के करीब चार घंटे बाद पुलिस को सूचना मिलना, कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का खराब होना और मृतक द्वारा रात में भोजन नहीं करना जांच के अहम बिंदू बन गए हैं। सूचना मिलने में हुई देरी को लेकर भी तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महाविद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे काफी समय से खराब थे जिससे बैक-अप नहीं मिल पाया। ऐसे में अजय के रात में आने-जाने या छत तक पहुंचने की कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है। इससे पुलिस को घटना की कड़ियां जोड़ने में कठिनाई हो रही है और उनका संदेह और गहरा होता जा रहा है।
रात में नहीं खाया खाना
पुलिस के अनुसार, अजय यादव बुधवार की शाम को कहीं घूमने निकले थे। देर रात वापस आए तो दाई ने खाना खाने के लिए कहा लेकिन उन्होंने खाना नहीं खाया। दाई ने बताया कि उनके हाथ में पाॅलिथीन था जिसे लेकर वह सीधे छत पर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह उनका शव महाविद्यालय की छत पर मिला। शव के पास पिस्टल भी बरामद हुई। हालांकि घटना भोर में तीन बजे की मानी जा रही है लेकिन पुलिस को इसकी सूचना सुबह करीब सात घंटे बाद दी गई।
विज्ञापन

वर्जन
युवक द्वारा स्वयं को गोली मार लेने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक कुशीनगर का रहने वाला था। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
-सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक, महराजगंज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें