फीता काटकर किया गया शुभारंभ, जमुई कला निवासी संजय चौधरी के गेहूं का किया गया पहला क्रय
निचलौल। क्षेत्र के सहकारी संघ गड़ौरा में लंबे समय से बंद पड़ी खरीद व्यवस्था का शुभारंभ शनिवार को कर दिया गया। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्रय केंद्र को पुनः संचालित किया गया।
क्रय केंद्र प्रभारी धीरज मिश्रा एवं सचिव जितेंद्र कुमार मिश्रा की देखरेख में यह खरीद प्रक्रिया शुरू हुई। सहकारी संघ के अध्यक्ष अंबरीश उर्फ मुन्ना गुप्ता की उपस्थिति में जिला सहकारी बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक हीरालाल गुप्ता ने फीता काटकर खरीद का औपचारिक शुभारंभ किया। इस मौके पर मौजूद किसानों और स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
खरीद प्रक्रिया के पहले दिन जमुई कला निवासी संजय चौधरी का गेहूं खरीदकर केंद्र की शुरुआत की गई। लंबे समय से केंद्र बंद रहने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इस व्यवस्था के पुनः शुरू होने से उन्हें नजदीक में ही उचित मूल्य मिलने की उम्मीद जगी है। कार्यक्रम के दौरान वर्तमान ग्राम प्रधान वीरेंद्र गुप्ता, मोहन चौधरी, मोहन रौनियार, मोहन पटेल, दीपू पांडेय, जलालुद्दीन, नंदलाल शर्मा, गुनेश्वर यादव, स्वामीनाथ, बिट्टू रौनियार, नन्दलाल रौनियार, रामफल, भोला, प्रमोद, रामआसरे शामिल रहे।