चार दिनों से लापता कपड़ा व्यवसायी का फंदे से लटका शव मिला
नौतनवां (महराजगंज)। कस्बे के मौलाना आजाद नगर वार्ड निवासी कपड़ा व्यवसायी बंटी सिंह (37) का रविवार सुबह स्थानीय हनुमान चौक के निकट उनके ही गोदाम में फंदे से लटकता हुआ शव मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव की स्थिति एवं बदबू से आशंका व्यक्त की गई कि चार दिनों पूर्व ही व्यापारी की मौत हो चुकी थी और गोदाम से बदबू आने के बाद घटना का खुलासा हो सका। जानकारी के मुताबिक बंटी सिंह निवासी मौलाना आजाद नगर की कस्बे के हनुमान चौक स्थित जानकी नगर वार्ड में कपड़े की दुकान है। दुकान के ठीक सामने नानक नगर वार्ड में उनका एक गोदाम भी है। जिसमें से बीते शुक्रवार से ही थोड़ी बहुत बदबू आ रही थी, लेकिन लोगों को अंदाजा नहीं लगा। इस बीच रविवार की सुबह जब अधिक बदबू होने लगी तो घर के परिजनों ने बंटी सिंह के भाई सन्नी सिंह को गोदाम से बदबू आने की सूचना दी। सूचना पर सन्नी जब गोदाम पर पहुंचे तो गोदाम के बाहर शटर में लगा ताला खुला हुआ था। उन्होंने शटर उठाकर अंदर देखा तो वह अवाक रह गए। गोदाम में छत के कुंडे से चार दिनों पूर्व लापता हुए उनके भाई बंटी सिंह का शव लटका था। घटना के बाद से ही मृतक की पत्नी शिल्पा कौर, 7 वर्षीय पुत्री रस्मित एवं डेढ़ वर्षीय पुत्र अरशु समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय के मुताबिक प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या ही प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच-पड़ताल की जा रही है। सीओ कोमल प्रसाद मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पिछले कई महीने से अवसाद में थे बंटी सिंह
नौतनवां। कपड़ा व्यवसायी बंटी सिंह के भाई सन्नी सिंह ने बताया कि बंटी सिंह काफी कर्ज होने के कारण बीते कई महीनों से अवसाद में चल रहे थे। अभी 2 माह पूर्व ही वह कहीं लापता हो गए थे। थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, जिसके अगले ही दिन वह वापस घर आ गए थे। उन्होंने बताया कि गत बृहस्पतिवार सुबह करीब 8:30 बजे वह घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे, लेकिन दुकान पर नहीं पहुंचे और तभी से लापता थे। उन्होंने बताया कि रविवार की सुबह थाने में उनकी गुमशुदगी लिखवाने के लिए जा ही रहे थे कि गोदाम से बदबू और फिर घटना घटित होने की बात सामने आ गई।