नौतनवा। चकबंदी अधिकारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को नौतनवा तहसील के समस्त अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बृहस्पतिवार की समस्त पत्रावलियों में सुनवाई के लिए अग्रिम तिथि निर्धारित की गई। अधिवक्ताओं ने समस्या के समाधान के लिए डीएम को संबोधित पत्र एसडीएम को सौंपा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विभूति प्रसाद यादव एवं सचिव शमसुद्दीन खान ने बताया कि चकबंदी विभाग की मनमानी से तहसील के समस्त अधिवक्ता तंग आ चुके हैं। पहले चकबंदी विभाग के लेखपाल समय-समय पर तहसील मुख्यालय पर आकर समस्याओं का समाधान किया करते थे लेकिन अब उन्होंने पूरी तरह से आना ही बंद कर दिया है। इतना ही नहीं इनके द्वारा खारिज-दाखिल के नाम पर धनउगाही की जा रही है। जिन गांवों में चकबंदी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है वहां की खतौनी को भी अपडेट नहीं किया जा रहा है। शिकायत के बाद भी अनदेखी की जा रही है।
इससे अधिवक्ता और वादकारी दोनों ही परेशान हैं। अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को एक दिन के लिए न्यायिक कर से विरत रहकर चेतावनी दिया है कि यदि जल्द चकबंदी विभाग अधिकारियों के कार्य में सुधार नहीं हुआ तो अधिवक्ता संघ पूरी तरह से कार्य बहिष्कार कर निर्णायक आंदोलन को बाध्य होगा।