सीमा पार की अवांछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए दिया चौकस रहने का निर्देश
नेपाल में 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
ठूठीबारी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपर महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने ठूठीबारी स्थित भारत-नेपाल सीमा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसएसबी कैंप कार्यालय में जाकर सीमा पर हो रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एडीजी का यह दौरा नेपाल में आगामी 5 मार्च को होने वाले संसदीय चुनाव को देखते हुए भी महत्वपूर्ण है। वैसे भी नेपाल में होने वाले चुनाव को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, अपर महानिदेशक मूथा अशोक जैन मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे ठूठीबारी पहुंचे और बॉर्डर का दौरा करके सीमा पार से होने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने और संवेदनशील स्थलों पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया। एसएसबी चेक पोस्ट पर जाकर उन्होंने यात्रियों की आवाजाही और चेकिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी ली और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से अलर्ट रहने को कहा। वहीं एसएसबी अधिकारियों व पुलिस अफसरों से सुरक्षा को लेकर बरती जा रही सावधानियों पर बातचीत की।
उन्होंने सीमा के साथ ही पगडंडी व नाकों पर चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया ताकि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि को रोका जा सके। इस बाबत एडीजी मूथा अशोक जैन ने बताया कि नेपाल में 5 मार्च को चुनाव है। इसको लेकर सीमा पर सुरक्षा को लेकर सभी एजेंसियां चौकस हैं। नेपाल के सुरक्षा अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सीमा की सुरक्षा की जा रही है।
ठूठीबारी कोतवाली का भी किया निरीक्षण
अपर महानिदेशक मुथा अशोक जैन ने अपने दौरे के दौरान ठूठीबारी कोतवाली का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऑफिस, अभिलेख, लॉकअप, शस्त्रागार, महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। साथ ही आगामी होली त्योहार के मद्देनजर बीट के सिपाहियों समेत क्षेत्र में रहने वाले स्टाफ को अलर्ट रहने का आदेश दिया। वहीं कोतवाली में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया। इस दौरान एसपी सोमेंद्र मीणा, सीओ सदर जय प्रकाश त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर, एसएसबी बीओपी इंचार्ज शिव पूजन, कस्टम इंस्पेक्टर मौजूद रहे। संवाद