आईजीआरएस समेत अन्य पटलों पर आने वाली शिकायतों और उसके समाधान का जाना हाल
निराश नहीं लौटने चाहिए तहसील पर शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादी : जयप्रकाश
नौतनवा। अपर आयुक्त (प्रशासन) जयप्रकाश बुधवार को तहसील का वार्षिक निरीक्षण करने नौतनवा पहुंचे। यहां उन्होंने तहसील में स्थापित विभिन्न कार्यालयों एवं न्यायालयों का मुआयना कर फाइलों और अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी। सरकारी दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर प्रविष्टियों को हमेशा अपडेट रखने के निर्देश दिए। वहीं आईजीआरएस समेत अन्य पटलों पर आने वाली शिकायतों और उसके समाधान की भी समीक्षा की।
अपर आयुक्त जयप्रकाश ने कहा कि तहसील पहुंचने वाले फरियादियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रशासनिक अमला पूरी तरह से गंभीर है। समय-समय पर मुआयना कर तहसील को जन उपयोगी बनाने और शासन की मंशा के अनुरूप संचालित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए जाते हैं।
नौतनवा तहसील के निरीक्षण में छिटपुट कमियों को छोड़ सबकुछ संतोषजनक मिले हैं। अधिकारियों को फरियादियों के साथ नम्रता से पेश आने और मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान एसडीएम नवीन प्रसाद, तहसीलदार कर्ण सिंह, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, मालबाबू प्रशांत पांडेय मौजूद रहे।