निचलौल। कोतवाली ठूठीबारी क्षेत्र के लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के पास चन्दन नदी पर संबंधित विभाग की ओर से बांध मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। रविवार को अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण करा रहे जिम्मेदारों को कार्य में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इसी क्रम में अधिकारियों की ओर से पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया का भी निरीक्षण कर सावन मेला से संबंधित जानकारी ली गई। एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि बरसात के दिनों में पहाड़ों पर मूसलधार बारिश होने के बाद भारत नेपाल बाॅर्डर से सटे लक्ष्मीपुर खुर्द गांव के पास चंदन नदी उफान पर हो जाती है। ऐसे में आसपास के कई गांवों के लोगों को तमाम दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं।
इन समस्याओं को देखते हुए संवेदनशील बांध का मरम्मत कार्य संबंधित विभाग की ओर से कराया जा रहा है। ऐसे में निर्माण का निरीक्षण कर बेहतर तरीके से समय से पूर्व कराने के लिए जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है। इतना ही नहीं अगर लापरवाही बरती गई तो मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए भी चेतावनी दी गई है।
इसी के क्रम में सुप्रसिद्ध पंचमुखी शिवमंदिर ईटहिया का भी निरीक्षण कर मंदिर समिति से सावन मेला की तैयारी का भी जायजा लिया गया। मेले में किसी किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इसके लिए जिम्मेदारों को समय रहते ही पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया गया है। इस अवसर पर एसडीएम नंद प्रकाश मौर्या, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पियूष जायसवाल मौजूद रहे।