893 ग्राम पंचायतों में खोले जाएंगे खाते
- जिला पंचायत राज अधिकारी ने एडीओ पंचायत को पत्र भेजकर जारी किया निर्देश
महराजगंज। ग्राम पंचायतों में विभिन्न योजनाओं के तहत होने वाले कार्यों के लिए अब अलग-अलग खाते होंगे। राज्य वित्त, स्वच्छ भारत मिशन व ग्राम निधि के अतिरिक्त अब प्रत्येक ग्राम पंचायतों में केंद्रीय वित्त आयोग का भी अलग खाता खोला जाएगा।
शासन ने सभी ग्राम पंचायतों को योजना के मुताबिक अलग-अलग खाता खोलने का निर्देश दिया है। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में राज्य वित्त, स्वच्छ भारत मिशन व ग्राम निधि एक का खाता खोला गया है। अपर मुख्य सचिव ने विभाग को पत्र भेजकर सभी गांवों के केंद्रीय वित्त आयोग के नाम से अलग खाता खोलने का निर्देश दिया है। यह भी कहा है कि ग्राम पंचायतों के अन्य खाते जिस बैंक में हों, वहीं इन खातों को भी खुलवाया जाए, जिससे कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों को कोई असुविधा न हो। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने बताया कि जिले की सभी 893 ग्राम पंचायतों में इन खातों को खोले जाने के लिए एडीओ पंचायत को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।
निचलौल ब्लॉक में खुलेंगे सर्वाधिक खाते
जिला परियोजना समन्वयक आनंद उपाध्याय ने बताया कि वैसे तो जिले भर की 893 ग्राम पंचायतों में खाते खुलने हैं, मगर निचलौल के सर्वाधिक 103, नौतनवां के 97, लक्ष्मीपुर के 96, मिठौरा के 87, परतावल के 77, फरेंदा व घुघली के 74-74, पनियरा के 72, बृजमनगंज के 66, सिसवां के 62, सदर के 60 व धानी के 20 ग्राम पंचायतों में खाते खोले जाएंगे।