महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के खेम पिपरा निवासी संध्या देवी ने अपने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना 12 अप्रैल की शाम 6 बजे की बताई जा रही है।
संध्या देवी ने बताया कि आरोपी आयुष, निवासी सुभई, थाना वाल्टरगंज, जनपद बस्ती उनकी बेटी को कोचिंग पढ़ाता है। संध्या देवी के अनुसार, बकाया कोचिंग फीस को लेकर आयुष उनके घर पहुंचा और परिवार के सदस्यों को गालियां देने लगा। जब संध्या देवी ने उससे कहा कि कुछ दिनों में फीस दे दी जाएगी तो आयुष और आगबबूला हो गया और पूरे परिवार को जान से मार डालने की धमकी देते हुए चला गया। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि आरोपी आयुष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।