पीएम आवास योजना में धनउगाही का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। निचलौल तहसील के ग्राम पंचायत हरगांव टोला पिपरहवा के लोगों ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में धनउगाही का आरोप लगाकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही अपर जिलाधिकारी को पत्रक देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की। गांव के लोगों ने कहा कि आवास दिलाने के नाम पर रकम की मांग की जा रही है। हालत यह है कि पात्र लोगों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने पत्रक में कहा है कि ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना में ग्राम प्रधान तथा ग्राम सचिव की मिलीभगत से गड़बड़ी की जा रही है। आवास के नाम पर लाभार्थियों से 20-20 हजार रूपये की मांग की जा रही है। रकम ने देने वाले लोगों का नाम सूची के बाहर करवा दिया जा रहा है। लोगों ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए जिससे पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल सके। इस दौरान धुरिया, लालती, गोगा, अमरनाथ, बगेदन, पप्पू, नंदलाल, भीम, झल्लर, संगीता देवी, नारायण, रामगती, बसंत, नरेश, सरिता, लालती, सोनी, अंजलि, किसमावती आदि मौजूद रहे।