सिसवा बाजार। कस्बे के कबीरनगर वार्ड में एक दलित महिला ने कोठीभार पुलिस को तहरीर देकर वार्ड के दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। महिला ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि पड़ोसी के खिलाफ पहले से एक मुकदमा न्यायालय में लंबित है, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही है। मामले में विपक्षी सुलह करने का दबाव बना रहे हैं। मना करने पर विवाद कर रहे हैं। पीड़िता ने तहरीर में लिखा है कि विगत वर्ष 23 अक्टूबर को शाम करीब 6 बजे पड़ोसी उनके घर में घुस आए और छेड़छाड़ करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। जब पति घर पहुंचे तो आरोपी भाग गया। कुछ देर आरोपी अपनी पत्नी के साथ फिर वापस आया और मारपीट करने लगा। आसपास के लोगों ने बीच बचाव किया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुलिस ने छोटेलाल राजभर व रमिता देवी पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।