भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के सेमरा राजा करमहिया टोला में 15 वर्षीया किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मृतका किशोरी का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। घटना के समय उसके माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे, किशोरी घर पर अकेली थी। मृतका के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि वह पिछले एक वर्ष से किशोरी पर बातचीत करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि युवक ने किशोरी का एक वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसी आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।
पुलिस ने साक्ष्य संकलित कर जांच तेज कर दी। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में नामजद युवक मंजेश उर्फ गुड्डू निवासी सेमरा राजा टोला करमहिया को उसके घर से गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।