जब बेटी ने नस काट ली तब पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार
महराजगंज/कोठीभार। क्षेत्र के एक गांव की युवती की लज्जा भंग के मामले में पीड़िता की मां ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया है। उनका आरोप है कि पुलिस शुरू से ही इस मामले में लापरवाही बरत रही है। बृहस्पतिवार को जब उनकी बेटी ने कलाई की नस काटकर खुदकुशी का प्रयास किया तब पुलिस ने आननफानन में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया। हालांकि पुलिस का दावा है कि उसने आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि कोठीभार थाने की पुलिस की लापरवाही के चलते आरोपितों के हौसले बुलंद हैं। पहले उन्होंने समझौता करने का दबाव बनाया। राजी न होने पर मंगलवार को उन्होंने बेटी और परिवार वालों की गांव के चौराहे पर पिटाई भी की थी। इसी से आहत बेटी ने बृहस्पतिवार की देर शाम कलाई की नस काट ली। इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाई और मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया। हालांकि अब भी चार आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
इस बारे में एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि मामला जमीन के विवाद से जुड़ा है। पूरे प्रकरण की जांच एएसपी को सौंपी गई है। मुख्य आरोपित को जेल भेज दिया गया है। अन्य की तलाश में टीमें में लगी है। थाने स्तर से कहां लापरवाही हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।
बृहस्पतिवार की देर शाम आरोपितों की धमकियों से क्षुब्ध होकर कलाई की नस काटने वाली युवती को सिसवा सीएचसी में भर्ती कराया गया था। वहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है।
आरोपितों की हरकतों से गांव के कई लोग परेशान हैं। उन्होंने बताया कि आरोपित दबंग किस्म के हैं। वे आए दिन मारपीट करते हैं। उनके डर से कोई कुछ बोलने की जहमत नहीं उठाता। आरोपितों ने पिछले साल सावन में मधवलियां शिव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहीं कुछ युवतियों के साथ भी छेड़खानी की थी। उसके बाद मारपीट भी हुई थी। कोठीभार थाने में शिकायत की गई तो पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर मामले को रफा-दफा करा दिया।
पीड़िता के पिता का कहना है कि मुख्य आरोपित राजमोहन मोटरसाइकिल मैकेनिक है। जहां उसकी दुकान है, वहीं पुलिस की पिकेट है। उसकी पुलिसकर्मियों से अच्छी बनती है। उसका थाने में भी आना-जाना लगा रहता है। यही वजह है कि उसका मनोबल बढ़ा है। उसे पुलिस का संरक्षण मिलता रहा है।
पीड़िता की मां के अनुसार 17 अगस्त को जब उनकी बेटी के साथ यह घटना हुई तब पूर्ववर्ती थानाध्यक्ष ने आरोपितों पर महज मारपीट के मामले में कार्रवाई की। उसके बाद से हम लोग न्याय के लिए आठ बार थाने का चक्कर लगा चुके, लेकिन आरोपितों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई। सभी खुलेआम घूम रहे थे।
कोठीभार थाने के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत यादव ने बताया कि लज्जा भंग के मुख्य आरोपित राजमोहन को शेषपुर जाने वाले मार्ग से बृहस्पतिवार की सुबह आठ बजे ही गिरफ्तार कर लिया गया। वह जेल भेजा जा चुका है। बाकी चारों आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रात में दबिश दी गई। पुलिस टीम तेजी से काम कर रही है। जिस आरोपी पर जो धारा लगाई गई है, उसी के मुताबिक कार्रवाई होगी। पीड़िता के गांव व इलाके में बिना वर्दी वाले पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।