निचलौल। बिजली बिल कम कराने का झांसा देकर कथित विद्युत कर्मचारी पर 37 हजार रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़िता ने निचलौल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
निचलौल थाना क्षेत्र निवासी सुशीला देवी पत्नी मारकंडे शर्मा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति के घरेलू एक किलोवाट बिजली कनेक्शन का मीटर खराब होने के कारण करीब 83 हजार रुपये का बिजली बिल आ गया था। बिल की जांच कराने के लिए उनके पति निचलौल विद्युत उपकेंद्र पहुंचे तो उनकी मुलाकात एक कर्मचारी से हुई।
आरोप है कि कर्मचारी ने बिल कम कराने का झांसा देकर उन्हें अपनी दुकान पर बुलाया और 37 हजार रुपये ले लिए। पीड़िता का आरोप है कि चार दिन बाद केवल 17,070 रुपये की रसीद दी गई। शेष धनराशि के बारे में पूछने पर 15 दिन बाद बिल सही होने का आश्वासन दिया गया। काफी समय बीत जाने के बाद भी बिल में कोई सुधार नहीं हुआ। बाद में जानकारी करने पर पता चला कि वास्तविक बकाया करीब 18,200 रुपये ही था। आरोप है कि उनके पति को झांसा देकर अतिरिक्त धनराशि वसूल ली गई।
थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि मामले में जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।