शिकायत की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने की कार्रवाई
लेखपाल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के नाम पर एक लाख मांगने और मारपीट का आरोप
महराजगंज। तहसील निचलौल में तैनात लेखपाल मनीष पटेल को शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। लेखपाल पर शिकायतकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा अनुचित लाभ प्राप्त करने की कोशिश करने का आरोप है। मामले की विस्तृत विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
एसडीएम की ओर से लेखपाल को निलंबित करने के लिए जारी आदेश के अनुसार, ग्राम कर्महिया निवासी जीयन प्रसाद ने 24 जून को जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर बताया था कि 19 जून को वह अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से वैध तरीके से मिट्टी ले जा रहे थे। दो ट्रैक्टर ट्रॉली और दो जेसीबी को नायब तहसीलदार ने पकड़कर निचलौल थाना के सुपुर्द कर दिया। आरोप है कि खनन विभाग के कागजात दिखाने के बाद भी लेखपाल मनीष पटेल ने एक लाख रुपये मांगे और रुपये लेने के बाद रात 11 बजे गाड़ी छोड़ दिया।
अगले दिन जीयन प्रसाद ने लेखपाल से पूछा कि किस बात के लिए रुपया लिए हैं। इस पर लेखपाल ने अगले दिन तहसील बुलाया। आरोप है कि शाम पांच बजे बातचीत शुरू होने के बाद लेखपाल ने जातिसूचक शब्दों का लात-जूतों से मारा और मुंह पर थूक दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। 24 जून की नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर लेखपाल की भूमिका संदिग्ध मिली।
मामले में एसडीएम ने लेखपाल को प्रथम दृष्टया अनुचित लाभ प्राप्त करने और कार्यालय में मारपीट करने का दोषी पाया। इसके बाद लेखपाल मनीष पटेल को तत्काल निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में लेखपाल तहसील कार्यालय निचलौल से संबद्ध रहेंगे तथा बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
वर्जन
शिकायत की जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए हैं। इसलिए लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सिद्धार्थ गुप्ता, उपजिलाधिकारी
लेखपाल में इंसेट...
केस 1
रिश्वत लेते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने 18 जून को लेखपाल को निलंबित कर दिया है। घुघली क्षेत्र की एक महिला लेखपाल का कुछ दिनों पहले रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की थी। ..................
केस 2
21-22 अगस्त 2024 में एंटी करप्शन (विजिलेंस) टीम ने नौतनवां तहसील के लेखपाल अनिल पासवान को एक किसान से पैमाइश के नाम पर 20,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। इससे हड़कंप मच गया था।