मिठौरा। ग्राम सभा हरिहरपुर के अकटहवा के मोतीपुर निवासी रमेश साहनी (29) शनिवार की रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान रमेश की मौत हो गई। मृतक की पत्नी रूना ने तहरीर देकर हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हरिहरपुर टोला मोतीपुर निवासी रमेश साहनी (29) मछली व्यवसायी थे। शनिवार की रात 8:30 बजे ग्राम सभा के टोला निवासी व्यक्ति के साथ बाइक से घर आ रहे थे। अकटहवा स्थित पीपल के पेड़ के पास रमेश की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
रमेश और साथी बाइक चला रहे भुल्लर घायल हो गए। रमेश के मुंह और नाक से खून वह रहा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने रमेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान रमेश की जिला अस्पताल में मौत हो गई।
रमेश अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। रमेश के दो पुत्र अरविन्द और प्रमोद हैं। रमेश की मौत से पत्नी रूना, माता कबूतरा पिता रामवृक्ष सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी रूना ने तहरीर देकर हत्या की आशंका जाहिर की है। थाना प्रभारी सिंदुरिया राजकुमार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों पता चल सकेगा। तहरीर के अनुसार जांच की जाएगी।