लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहे पर मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक चलाते समय युवक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लक्ष्मीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संजीत वर्मा पुत्र रमेश निवासी ग्राम रेहरवा, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संजीत पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसंतपुर में अपने एक रिश्तेदार के घर आया हुआ था। इसी दौरान समरधीरा चौराहे पर यह हादसा हो गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।