महराजगंज। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब आभा आईडी बनवाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने एक अहम पहल करते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर सप्ताह में एक दिन आभा आईडी बनाने की व्यवस्था शुरू करने का फैसला लिया है।
इससे ग्रामीण जनता को उनके गांव के पास ही यह सुविधा मिल सकेगी और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में आसानी होगी। जानकारी के अनुसार, प्रत्येक स्वास्थ्य उपकेंद्र पर सप्ताह में एक दिन विशेष रूप से आभा आईडी बनाने के लिए निर्धारित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में स्थानीय आशा कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मियों और पंचायत प्रतिनिधियों की मदद ली जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाया जा सके।
वर्तमान में जिले की लगभग 70 प्रतिशत आबादी की आभा आईडी बन चुकी है। अब शेष लोगों को भी इससे जोड़ने का लक्ष्य है। आभा आईडी बनने के बाद मरीज को इलाज के लिए बार-बार पर्ची कटवाने या अपनी जांच रिपोर्ट लेकर डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मरीज की संपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी उसकी आभा आईडी में डिजिटल रूप से दर्ज होगी।