गैस एजेंसी के खिलाफ आप कार्यकर्ताओं ने सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। कलक्ट्रेट परिसर में सोमवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर भारत गैस एजेंसी पनियरा के संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधानसभा प्रभारी अवधेश सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ज्ञापन में एजेंसी प्रबंधन पर गैस वितरण में अनियमितता, अवैध वसूली और उपभोक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
अवधेश सिंह ने बताया कि पनियरा विधानसभा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर के लिए कई-कई दिनों तक लाइन में लगना पड़ रहा है। 30 अप्रैल की रात खराब मौसम और बारिश के बावजूद लोग लाइन में खड़े रहे लेकिन इसके बाद भी उन्हें समय पर गैस नहीं मिल सकी। वहीं, प्रभावशाली लोगों को बिना लाइन के ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की शिकायत भी सामने आई है।
डिलीवरी मैन द्वारा उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं और विरोध करने पर अगली बार गैस न देने की धमकी दी जाती है। इसके अलावा, उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के बजाए एजेंसी के गोदाम पर बुलाकर गैस दी जा रही है जबकि रसीद में होम डिलीवरी शुल्क शामिल रहता है। कुछ उपभोक्ताओं ने सिलेंडरों की सील से छेड़छाड़ कर गैस कम किए जाने का भी आरोप लगाया है।
साथ ही एजेंसी के कर्मचारियों और प्रबंधक पर अभद्र व्यवहार करने और शिकायतों की अनदेखी करने की बात भी कही गई है। इस दौरान पशुपति नाथ गुप्ता, संग्राम सिंह, दामोदर गोयल, जितेंद्र पांडेय, रघुपति सहाय, धीरेन्द्र सिंह, अखिलेश सिंह और दिवाकर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।