निचलौल। मिश्रवलिया निवासी बेरोजगार युवक से गाजीपुर निवासी एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर 1.40 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी पर केस दर्ज किया।
थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया निवासी मोहित लाल ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दाखिल वाद में बताया कि वह बेरोजगार है। वह पौधरोपण से संबंधित कार्य मजदूरी पर करता है। आरोप है कि मोबाइल फोन के जरिए गाजीपुर निवासी एजेंट उदयभान राजभर से उनका संपर्क हुआ। इस दौरान एजेंट ने विदेश भेजने के नाम पर 1.40 लाख रुपये मांगे।
उसकी बातों पर विश्वास कर 18 जुलाई 2024 से 11 अगस्त तक 78000 रुपये भेज दिए। इतना ही नहीं कोलकाता में मेडिकल कराने के लिए एजेंट को 22000 रुपये दिए। जबकि 40000 रुपये एजेंट ने नकद लिया।
उसके बाद एजेंट ने उन्हें दो टिकट का रजिस्ट्रेशन कोलकाता से चेन्नई तथा चेन्नई से कुआलालम्पुर (मलेशिया) के लिए दिया। बाद में पता चला कि सभी कागजात फर्जी हैं। इसके बाद उन्होंने 10 सितंबर 2024 को एजेंट से रुपये और पासपोर्ट लौटाने की गुहार लगाई तो वह धमकी देने लगा। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कन्नौजिया के अनुसार, मामले में न्यायालय के आदेश पर आरोपी एजेंट उदयभान राजभर निवासी हैदराबाद चट्टी थाना मारदे जनपद गाजीपुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।