बांसी कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय कस्बे का मामला, वाहन आगे-पीछे करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
बांसी। स्थानीय कस्बे में वाहन आगे-पीछे करने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने मधुर प्रताप सिंह की पिटाई कर दी गई। वारदात में घायल युवक के दाहिने हाथ की एक अंगुली टूट गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अनस, इसरार, दिलशाद, सेराज खान, इरफान पठान, आरिफ खान, राजा पुत्र लाला, अहमद, इब्राहिम, सलमान, रहमान, फरहान और सैफ सहित कुल 13 लोगों के विरुद्ध मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की जांच शुरू कर दी है। घटना मंगलवार रात कोतवाली बांसी क्षेत्र के रोडवेज तिराहे की है।
जानकारी के अनुसार, नगर के प्रताप नगर निवासी मधुर प्रताप सिंह कार से सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान दो वाहनों से करीब 13 लोग वहां पहुंचे और मधुर से कार पीछे करने को कहा। आरोप है कि मना करने पर सभी आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान मधुर प्रताप सिंह घायल हो गए। दाहिने हाथ की एक अंगुली टूट गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद घायल युवक ने उपचार कराया।
उपचार के बाद बुधवार की शाम मधुर प्रताप सिंह कोतवाली पहुंचे और नगर निवासी अनस, इसरार, दिलशाद, सेराज खान, इरफान पठान, आरिफ खान, राजा पुत्र लाला, अहमद, इब्राहिम, सलमान, रहमान, फरहान और सैफ सहित कुल 13 लोगों के विरुद्ध मारपीट की तहरीर दी।
कोतवाल मृत्युंजय पाठक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।