सिसवा बाजार। रविवार को चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस उतरने के चक्कर में कस्बे के लोहिया नगर वार्ड दढ़ौली निवासी एक युवक ट्रेन के नीचे आ गया। इससे उसका दोनों पैर कट गया। स्थानीय लोगों के मदद से सिसवा सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना अंतर्गत सिसवा कस्बे के लोहिया नगर वार्ड दढ़ौली निवासी गिरजेश अपने पड़ोसी को विदेश जाने के लिए गोरखपुर छोड़ने गया था। वापसी में जानकारी के अभाव के कारण नॉन स्टॉप चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस में सवार हो गया। यह ट्रेन सिसवा रेलवे स्टेशन पर नहीं रुकती है। जैसे ही वो सिसवा पहुंची तो गाड़ी को रुकता न देख युवक कूद गया। इससे उसका दोनों पैर पहिये के नीचे आने से कट गया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मदद से घायल को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था को देखते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह के अनुसार मामले की जानकारी नहीं है।