चौक बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के दरहटा लालपुर में बृहस्पतिवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के बरवाराजा निवासी बबलू तिवारी (38) पुत्र मोलहु तिवारी किसी काम से बाइक से चौक गया था। वापस लौटते समय जैसे ही वह दरहटा लालपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के पास पहुंचा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार व अनियंत्रित बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बबलू तिवारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से घायल को गुरु गोरखनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले की उन्हें अभी जानकारी नहीं है।