ट्रक की टक्कर से गिरी थी दीवार, कहासुनी के बाद डगरुपुर चौराहे पर बीच सड़क पर खड़ा किया ट्रक
संवाद न्यूज एजेंसी
ठूठीबारी। डगरुपुर चौराहे पर सरकारी राशन लदे ट्रक की टक्कर से दीवार गिर गई, हादसे में एक युवक घायल हो गया। ग्रामीणों ने विरोध किया तो चालक भड़क उठा और डगरुपुर चौराहे पर बीच सड़क पर ट्रक खड़ा कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक हटवाया। दो घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।
बुधवार की सुबह करीब नौ बजे बरगदवां थाना क्षेत्र के पड़ियाताल मार्ग से डगरुपुर चौराहे पर सरकारी राशन लदा एक ट्रक पहुंचा। मोड़ पर ट्रक घुमाते समय एक दुकान के सामने रखे तख्त को टक्कर मारते हुए दीवार से टकरा गया। इससे दीवार बगल के दुकानदार पप्पू मद्धेशिया के ऊपर गिर गई, जिससे वह घायल हो गए।
यह देख आसपास के लोग ट्रक को रोककर चालक से कहासुनी करने लगे। इसी दौरान चालक सड़क के बीचों बीच ट्रक खड़ा कर दूसरे तरफ चला गया, जिससे डगरुपुर चौराहा सड़क पर जाम लग गया और राहगीर परेशान हो गए।
सूचना पर पहुंची डायल 112 व बरगदवां पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा कराकर करीब 11 बजे आवागमन शुरू कराया। बरगदवां थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। सड़क से ट्रक को हटवाकर आवागमन शुरू करा दिया गया है।