रविवार की रात बाइक लेकर गड्ढे में गिर गया था युवक
भिटौली। सड़क हादसे में घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक स्थानीय थाना क्षेत्र के बेलवा बुजुर्ग नूरन टोला निवासी बताया जा रहा है। उसके मौत की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बेलवा बुजुर्ग नूरन टोला निवासी अनिल प्रसाद (35) रविवार को किसी आवश्यक कार्य से सिसवा मुंशी चौराहे पर गया था। वहां से वापस घर लौटते समय रात लगभग 9 बजे उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान सोमवार को सुबह लगभग 10 बजे उसकी मौत हो गई। अनिल प्रसाद साइकिल की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते था। मृतक अपने दो भाइयों में छोटा था। वह अपने पीछे पत्नी अर्जिना और दो पुत्रियां को छोड़ गया है।
पति की मौत के बाद पत्नी अर्जिना का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया। एसएचओ सत्येन्द्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।